रायपुर, 3  सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से जोड़ने और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने चेन्नई में ‘छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो’ का आयोजन किया। फिक्की के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटरों ने भाग लिया।

रोड शो के दौरान आयोजित बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों के बीच सीधा संवाद हुआ। इस दौरान भविष्य में पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ भेजने और कारोबारी साझेदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार से जुड़ने की पहल

चेन्नई रोड शो को छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की रणनीतिक पहल के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल, पर्यटन उत्पाद और निवेश की संभावनाएं चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों के सामने प्रस्तुत की गईं।

B2B बैठकों के जरिए दोनों राज्यों के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को संभावित व्यावसायिक सहयोग और पर्यटकों के आवागमन को लेकर सीधे संवाद का अवसर मिला। पर्यटन व्यवसायियों की ओर से भी इस पहल को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया सामने आई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन से जोड़ने और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

पर्यटन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे (IAS) भी कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

पहली बार तमिल भाषा में छत्तीसगढ़ पर्यटन का प्रस्तुतीकरण

चेन्नई रोड शो का सबसे खास पहलू रहा कि पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं का तमिल भाषा में प्रस्तुतीकरण किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों और संभावित पर्यटकों के साथ भाषाई और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना था।

सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने तमिल और अंग्रेजी भाषा में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने राज्य की पर्यटन संपदा को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तमिलनाडु पर्यटन क्षेत्र के प्रमुख प्रतिनिधि हुए शामिल

रोड शो में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन तथा तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन (IAS) सहित पर्यटन क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अधिकारियों की विशेष मौजूदगी

रोड शो में छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों अधिकारी वर्तमान में चेन्नई में पदस्थ हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने आत्मीय जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।

इन अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम में प्रशासनिक और भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया।

पर्यटन के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव पर भी जोर

चेन्नई रोड शो में छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच पर्यटन क्षेत्र में व्यावसायिक साझेदारी के साथ सांस्कृतिक और भावनात्मक निकटता भी देखने को मिली। एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पर्यटन विभाग, राज्य के पर्यटन कारोबारी और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायी मौजूद रहे।

B2B बैठकों के माध्यम से दोनों राज्यों के पर्यटन हितधारकों को संभावित व्यापारिक सहयोग, पर्यटक समूहों के आवागमन और पर्यटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला।

इस पहल से दक्षिण भारतीय बाजार में छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई पहचान और नए कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ी है। चेन्नई का यह रोड शो पर्यटन प्रचार से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के बीच मजबूत पर्यटन, व्यावसायिक और सांस्कृतिक संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts