नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचने वाले पहले निर्वाचित PM बने मोदी, कहा- जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी

नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रचने वाले पहले निर्वाचित PM बने मोदी, कहा- जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी

नई दिल्ली, 10 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को उनके लगातार 4399 दिन पूरे हुए, जिसके साथ उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने लिखा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास अर्जित करता है।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम किया है।

उन्होंने कहा कि देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल क्रांति और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।

4399 दिन पूरे, नेहरू का रिकॉर्ड टूटा

प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 में लगातार चुनाव जीतकर तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। 10 जून 2026 को उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए।

वहीं, जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री थे। वे 15 अगस्त 1947 से प्रधानमंत्री रहे और 1952 में पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उनके लगातार 4398 दिन का रिकॉर्ड अब मोदी ने पीछे छोड़ दिया है।

आज NDA संसदीय दल की अहम बैठक

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में NDA संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में भाजपा और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी सभी नेताओं को संबोधित करेंगे। साथ ही विकसित भारत-2047, केंद्र-राज्य समन्वय, विकास परियोजनाओं, Ease of Living और Ease of Doing Business जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। NDA की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *