बिलासपुर,12 सितंबर 2026

बिलासपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में शुक्रवार को हवा में तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान विमान का एक इंजन फेल हो गया। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 यात्री सवार थे।

तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई।

मेरठ के आसपास आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर का विमान शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज से विमान ने दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

इसी दौरान मेरठ के आसपास विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तत्काल ATC से संपर्क किया। इसके बाद पायलट की सूझबूझ और ATC के समन्वय से विमान को दिल्ली एयरपोर्ट की ओर ले जाया गया।

विमान ने दोपहर करीब 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

सभी यात्री और क्रू सुरक्षित

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी 54 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और इंजन फेल होने के पीछे क्या कारण था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts