रायगढ़,12 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के खरसिया में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा छड़ों से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा। टक्कर के बाद ट्रेलर में आग लग गई, जिसकी चपेट में घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलें और घर का सामान भी आ गया।
हादसा रायगढ़ चौक रोड पर हुआ। ट्रेलर की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घर में सो रहा था परिवार, बाल-बाल बची जान
जिस घर में ट्रेलर घुसा, वहां परिवार के लोग सो रहे थे। जोरदार टक्कर और आग लगने के बावजूद परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रेलर और तीन बाइक जलकर राख
टक्कर के बाद ट्रेलर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग में ट्रेलर, तीन बाइक और घर का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
चालक ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान ट्रेलर चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



