नई दिल्ली,27 अगस्त 2026

नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने पड़ोसी देश की मदद के लिए राहत अभियान तेज कर दिया है। भारत ने नेपाल को मानवीय सहायता, मेडिकल सामान और जरूरी राहत सामग्री भेजी है। भारत की इस मदद के लिए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।

बताया गया है कि 26 अगस्त की सुबह चीन (तिब्बत)-नेपाल सीमा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड के बाद बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। इस आपदा के बीच नेपाल की सहायता के लिए भारत ने पहली खेप बुधवार रात भारतीय वायुसेना के C-130J विमान से काठमांडू भेजी।

C-130J से भेजी गई 10 टन राहत सामग्री

भारतीय वायुसेना के विमान से करीब 10 टन मानवीय सहायता और मेडिकल सप्लाई नेपाल पहुंचाई गई। इसमें अस्थायी आश्रय, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल थीं।

इसके बाद गुरुवार सुबह दिल्ली के हिंडन एयरबेस से C-17 सैन्य परिवहन विमान के जरिए करीब 37.5 टन HADR सामान, दवाइयां और खाने के पैकेट नेपाल भेजे गए।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राहत सामग्री लेकर नेपाल रवाना हुई दूसरी फ्लाइट का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत नेपाली अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और राहत कार्यों में पूरा सहयोग जारी रखेगा।

भारत की मदद पर नेपाल ने जताया आभार

नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास ने भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत भारतीय नेताओं की संवेदनाओं और समर्थन के लिए आभार जताया।

दूतावास ने भारत सरकार और भारतीय नागरिकों को तत्काल मानवीय सहायता उपलब्ध कराने और नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय के लिए धन्यवाद दिया। नेपाल ने कहा कि मुश्किल समय में भारत की एकजुटता और मदद ने आपदा प्रभावित लोगों का हौसला बढ़ाया है।

PM मोदी से बातचीत के बाद बालेन शाह ने कहा- Thank You

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद भारत की सहायता की पेशकश के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुश्किल समय में नेपाल के प्रति भारत की एकजुटता और सहायता की पेशकश की वह दिल से सराहना करते हैं।

बालेन शाह ने कहा कि भारत का सहयोग दोनों देशों के बीच दोस्ती के मजबूत रिश्तों को दर्शाता है। इससे पहले पीएम मोदी ने भी नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर दुख जताते हुए कहा था कि भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है और भारतीय टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करेंगी।

भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत के अनुसार C-17 और C-130 विमान के जरिए अतिरिक्त राहत सामग्री भेजी जाएगी। इसके साथ ही बचाव और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts