रायपुर, 08 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बनने लगा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

7 अगस्त से ‘वंदे मातरम्’ गायन और संबंधित सांस्कृतिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो चुका है, जबकि 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर शुरू होगा। यह अभियान 17 अगस्त 2026 तक चलेगा।

आज से बढ़ेगा ‘वंदे मातरम्’ का उत्साह

संस्कृति विभाग द्वारा केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् गायन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष के आयोजन को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव से भी जोड़ा गया है।

15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद प्रदेशभर में सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गायन के विशेष आयोजन होंगे।

कल से घर-घर लहराएगा तिरंगा

प्रदेश में 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं कार रैलियां, मशाल रैलियां और तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

तिरंगा सेल्फी और देशभक्ति कॉन्सर्ट भी होंगे

अभियान के दौरान नागरिक तिरंगा सेल्फी लेकर उसे ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट भी आयोजित किए जाएंगे।

इन आयोजनों के जरिए स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और कारीगरों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में ऑडियो और वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे।

14 अगस्त को याद की जाएगी विभाजन की विभीषिका

14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।

सार्वजनिक स्थानों पर राज्य पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

7 से 17 अगस्त तक चलने वाले इन आयोजनों का उद्देश्य प्रदेश में राष्ट्रप्रेम, तिरंगे के प्रति सम्मान और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts