रायपुर, 30 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विकास, निवेश और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर 31 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में रोड शो आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

रोड शो में सीएमडीसी के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी, खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए

भारत सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त के तहत कुल 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए रखे हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।

इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। ये खनिज देश की ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और रणनीतिक जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में उद्घाटन सत्र

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे पंजीयन एवं चाय के साथ होगी। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि के आगमन और दीप प्रज्ज्वलन के बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान होगा।

इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे। खान मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव उद्घाटन संबोधन करेंगे। इसके बाद भारत सरकार के खान सचिव, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष संबोधित करेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के उद्बोधन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में अपना संबोधन देंगे।

टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी का होगा शुभारंभ

रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान होगा। इसके अलावा कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी एमओयू किया जाएगा।

कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन तथा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

तकनीकी सत्र में नीलामी और निवेश पर चर्चा

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। SBI CAPS द्वारा मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट, जबकि MSTC द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित NMEDT योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा। तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन में उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ नीलामी प्रक्रिया, खनिज संसाधनों और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा

रोड शो के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

खनन परियोजनाओं को जल्द शुरू करने और विभिन्न स्तरों पर आवश्यक समन्वय को लेकर भी चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

यह रोड शो छत्तीसगढ़ समेत देश में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण और खनन को नई गति देने की दिशा में अहम साबित हो सकता है। केंद्र और राज्य सरकार, उद्योग जगत तथा खनन क्षेत्र के हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय से निवेश और नई औद्योगिक संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts