रायपुर,1 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर पंडुम के विजेताओं का राष्ट्रपति भवन में सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नक्सल मुक्त बस्तर, विद्युतीकरण, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की स्थापना और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिन पर सकारात्मक आश्वासन मिला है।

मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद को लेकर ओडिशा सरकार और केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के साथ हुई बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर समाधान निकाला जाएगा और अगले तीन महीने में जल बंटवारे पर निर्णय होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन, किरंदुल–बीजापुर रेल परियोजना, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल टावर, 400 से अधिक गांवों में विद्युतीकरण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े मुद्दों पर भी केंद्र सरकार के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकी हमले जैसे गंभीर मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे हर विषय में साजिश नजर आती है और “अपना चश्मा बदलने की जरूरत है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts