CM Helpline 1076 को जनता का भरोसा, 5 दिनों में दर्ज हुईं 15,434 शिकायतें

CM Helpline 1076 को जनता का भरोसा, 5 दिनों में दर्ज हुईं 15,434 शिकायतें

रायपुर, 15 जून 2026

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई CM Helpline 1076 आम जनता और शासन के बीच एक प्रभावी संवाद माध्यम बनकर उभर रही है। हेल्पलाइन के संचालन के पहले पांच दिनों में ही 15,434 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिससे लोगों की बढ़ती भागीदारी और व्यवस्था पर भरोसा साफ दिखाई देता है।

सबसे अधिक शिकायतें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित दर्ज हुई हैं। विभाग से जुड़ी कुल 2,470 शिकायतों में नामांतरण, सीमांकन और भू-अभिलेख संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं।

नगरीय सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दूसरे स्थान पर

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से संबंधित 2,058 शिकायतें हेल्पलाइन पर प्राप्त हुई हैं। इनमें सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

बिजली संबंधी मामलों की भी बड़ी संख्या

ऊर्जा विभाग से जुड़ी 1,921 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें बिजली आपूर्ति में बाधा, ट्रांसफॉर्मर की खराबी और नए विद्युत कनेक्शन से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आई हैं।

ग्रामीण विकास और राशन व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज

हेल्पलाइन पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित 1,509 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। वहीं खाद्य विभाग के खिलाफ 1,235 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें राशन कार्ड, पात्रता और वितरण व्यवस्था से जुड़े मामले शामिल हैं।

बुनियादी सुविधाओं पर सबसे ज्यादा फोकस

आंकड़ों के अनुसार, दर्ज शिकायतों में बड़ी संख्या जमीन, पानी, नाली, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी है। इससे स्पष्ट होता है कि आम नागरिक रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन का सक्रिय रूप से उपयोग कर रहे हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि CM Helpline 1076 प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने और शिकायतों के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *