रायपुर, 01 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
राष्ट्रपति से मुलाकात का साझा किया अनुभव
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना।
विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर हुई इस मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह आत्मीय स्नेह नुकेश के साथ वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी जीवनभर संजोकर रखने वाली स्मृति बन गया।
सुवा नृत्य से दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोक परंपरा, गीत-संगीत और सांस्कृतिक रंगों से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी देश के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचाकर नई पहचान दे रही है।
विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य रखने की दी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से प्राप्त प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभव को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।
ये विद्यार्थी रहे शामिल
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।
इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा श्री चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।



