रायपुर छत्तीसगढ़,1 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सहकारी संघवाद को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्यों की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से पहले कर हिस्सेदारी उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की संवेदनशील, दूरदर्शी और विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अग्रिम कर हस्तांतरण के तहत ₹3,602 करोड़ की राशि प्राप्त होने से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस राशि से सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी, जिससे विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार राज्यों को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts