रायपुर,1 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित एक निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन, विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे एक्सपो उद्योगों को नई दिशा देने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योग और व्यापार के लिए देश के सबसे अनुकूल राज्यों में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति को देश-विदेश से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां उद्योग, व्यापार और उद्यमिता समान रूप से विकसित हों तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 नवाचार, कौशल विकास और व्यावसायिक साझेदारी का प्रभावी मंच है। इस आयोजन से स्थानीय व्यवसायियों को आधुनिक उपकरणों, नई डिजाइनों और बदलते बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग आज तेजी से बदल रहा है, जहां आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन, गुणवत्ता और आकर्षक डिज़ाइन इसकी नई पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक प्रतिस्पर्धी और सशक्त बनेगा।
उन्होंने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग विवाह, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शासकीय आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह उद्योग हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अनेक महिलाएं लखपति दीदी अभियान के तहत टेंट व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति व्यापार और लॉजिस्टिक्स की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है ताकि उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिल सके। उन्होंने बताया कि रेल बजट में छत्तीसगढ़ के लिए रिकॉर्ड प्रावधान किए गए हैं और कई नई रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। साथ ही कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत अधोसंरचना ही निवेश, उद्योग और रोजगार का सबसे बड़ा आधार है, और राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ सहित देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



