रायपुर, 02 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर शो आयोजित किया गया। इस आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने अद्भुत साहस, अनुशासन और हवाई कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

एयर शो के दौरान सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, हैरतअंगेज क्रॉसओवर करतब और आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

राज्यपाल रमेन डेका ने की वायु सेना के जांबाजों की सराहना

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की कामना की।

अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है सारंग टीम

राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतबों के पीछे लंबी योजना, निरंतर अभ्यास, गहरी एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है। प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों पर भी ध्यान देना पड़ता है।

सारंग टीम का प्रदर्शन यह संदेश देता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने दिखाया अद्भुत साहस

एयर शो का रोमांचकारी शुभारंभ भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया। टीम के जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर अपने पैराशूट को कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया और साहस, संतुलन तथा सटीकता का परिचय दिया।

स्काईडाइवर्स ने निर्धारित दिशा और गति के अनुरूप पैराशूट को नियंत्रित करते हुए सेंध लेक के सामने तय स्थान पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की। इस रोमांचकारी प्रदर्शन को देखकर दर्शक तालियां बजाने लगे।

इस प्रस्तुति में जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली।

गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन

आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष ऑपरेशन की दक्षता का प्रदर्शन किया। कमांडोज ने एयर शो से पहले 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग कर दर्शकों को रोमांचित किया।

इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया गया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन को अंजाम देने की अपनी क्षमता दिखाई।

सेंध लेक के सामने कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके बाद जवानों ने मंच को सलामी दी। उनके अनुशासित और साहसिक प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें

एयर शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और रोमांचकारी हवाई करतब दिखाए।

पायलटों ने बेहद सटीक नियंत्रण, संतुलन और बेहतरीन समन्वय के साथ हेलीकॉप्टर उड़ाकर अपने कौशल का परिचय दिया। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद एक साथ निर्धारित फॉर्मेशन में लौट आए।

प्रदर्शन के दौरान क्रॉसओवर करतब विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के सामने से बेहद नजदीक गुजरते नजर आए। इस रोमांचकारी दृश्य को देखकर दर्शक आश्चर्यचकित रह गए।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान और आत्मीयता भी प्रदर्शित की। हवाई प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से प्रदेश के लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के जरिए प्रदेशवासियों का अभिवादन किया।

आसमान से गूंजे इस उद्घोष ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक इसका स्वागत किया। यह पल राज्य स्थापना दिवस के आयोजन का यादगार क्षण बन गया।

तिरंगे की फॉर्मेशन और वंदे मातरम् से देशभक्ति के रंग में रंगा आसमान

एयर शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ गीत की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की।

आसमान में तिरंगे के रंगों की आकर्षक छटा, हेलीकॉप्टरों का बेहतरीन तालमेल और देशभक्ति गीत की गूंज ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के साथ एयर शो का भव्य समापन हुआ।

दुनियाभर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है सारंग टीम

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम अपनी आकर्षक फॉर्मेशन और शानदार हवाई करतबों के जरिए भारतीय वायु सेना की सटीकता, अनुशासन और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिचय देती है।

सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित दुनिया के अनेक देशों में अब तक 1,500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर भारत की प्रतिष्ठा और गौरव बढ़ा चुकी है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसदगण, विधायकगण और निगम-मंडल के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की साहसिक प्रस्तुतियों ने राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को और अधिक भव्य एवं यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts