रायपुर,12 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने सोमवार को रायपुर में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों, खिलाड़ियों और उनकी जर्सियों का ऐलान किया। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर घोषित किया गया है।

लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम में ड्रॉ के माध्यम से फ्रेंचाइजी को टीमें आवंटित की गईं। प्रत्येक टीम को 22 खिलाड़ियों का दल और एक मुख्य कोच दिया गया है।

अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित खेल हस्ती का लीग से जुड़ना युवा खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने लीग के आयोजन में सहयोग देने वाले छह टीम मालिकों और प्रायोजकों का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को खेल राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग स्थानीय खिलाड़ियों को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सितारों के रूप में विकसित करने का अवसर देगी।

छह फ्रेंचाइजी टीमें और उनके मालिक

  • चक्रधर चैंपियंस — जिंदल स्टील लिमिटेड
  • न्यायधानी नाइट्स — साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)
  • राजधानी रॉयल्स — श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
  • मैनपाट टाइगर्स — छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स — सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
  • बैलाडीला बुल्स — एनएमडीसी लिमिटेड

132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, छह पूर्व ओलंपियन होंगे मार्की खिलाड़ी

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय खिलाड़ी और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं। प्रत्येक टीम में चार अतिथि खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी होगा।

टीमों की अगुवाई करने वाले छह दिग्गज खिलाड़ियों में एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर शामिल हैं। इन अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने से स्थानीय प्रतिभाओं को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

विजेता को 11 लाख रुपये, सभी मैचों में प्रवेश मुफ्त

लीग में 18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच खेला जाएगा। कुल पुरस्कार राशि 21 लाख रुपये रखी गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये मिलेंगे, जबकि टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।

दर्शक स्टेडियम में सभी मुकाबलों का निःशुल्क आनंद ले सकेंगे। मैच शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे शुरू होंगे। दोनों मुकाबलों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम होंगे। स्टेडियम नहीं पहुंच पाने वाले दर्शक लीग का सीधा प्रसारण JioHotstar पर देख सकेंगे।

उद्घाटन समारोह में खेल के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

लीग का उद्घाटन समारोह प्रदेश की कला, संस्कृति और देशभक्ति की भावना को समर्पित होगा। समारोह में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय प्रस्तुति देंगे। इस दौरान हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।

लीग का विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन भी तैयार की गई है। छत्तीसगढ़ के नक्शे और हॉकी खिलाड़ी की आकृति वाले लोगो के साथ बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसका नाम ‘बघवा’ रखा गया है। लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना, हॉकी के घरेलू ढांचे को मजबूत करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। 21 अक्टूबर से रायपुर में होने वाली यह प्रतियोगिता हॉकी, खेल भावना, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और मनोरंजन का संगम पेश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts