रायपुर, 5 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को स्वीकृति मिल गई है।

करीब 11.62 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के माध्यम से सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक बिजली सुविधा पहुंचाई जाएगी। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

राज्य शासन के अनुसार, विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों/पारों, विकासखंड ओड़गी के 32 गांवों के 68 मोहल्लों/पारों तथा विकासखंड सूरजपुर के 29 गांवों के 53 मोहल्लों/पारों में विद्युत विस्तार किया जाएगा।

यह परियोजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां अब तक पर्याप्त विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि आधारित गतिविधियों और ग्रामीण स्वरोजगार को नई गति मिलेगी।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति भटगांव विधानसभा के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

उन्होंने कहा कि “हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts