जशपुर, 27 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बगिया कैम्प कार्यालय में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री ने ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना का शुभारंभ करते हुए जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को साड़ी और मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की बुनियाद है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर स्वावलंबन की नई राह बना रही हैं। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा महिलाओं के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि नियमित आय और सम्मानजनक स्वरोजगार का माध्यम बनेगा।
पिछले साल 14, इस बार 50 बहनों को ई-रिक्शा
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल लगातार आगे बढ़ रही है। पिछले रक्षाबंधन पर 14 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए गए थे। इस वर्ष ‘जशपुर एक्सप्रेस’ के माध्यम से 50 और बहनों को ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रायपुर में भी 92 महिलाओं को ई-रिक्शा दिए गए हैं। ई-रिक्शा चलाने वाली महिलाएं वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 15 हजार रुपए तक की आमदनी अर्जित कर रही हैं। इससे परिवार की आय बढ़ने के साथ महिलाओं में आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता भी मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला के हाथ में अपनी कमाई आने से उसका लाभ पूरे परिवार को मिलता है। बच्चों की पढ़ाई, परिवार की जरूरतों और भविष्य के लिए बचत में यह आय महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं स्व-सहायता समूह की दीदियां
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की दीदियां किराना दुकान, सब्जी व्यवसाय और छोटे उद्यमों सहित अनेक आजीविका गतिविधियों से जुड़ी हैं। अब महिलाएं ई-रिक्शा जैसी सेवाओं में भी आगे आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के लिए नए स्वरोजगार के अवसर तैयार करने के साथ प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है, ताकि उनके उद्यम टिकाऊ बनें और आय में निरंतर वृद्धि हो।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से मुद्रा ऋण जैसी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप व्यवसाय शुरू करने का आह्वान किया।
‘जशपुर एक्सप्रेस’ से आसान होगी स्वावलंबन की राह
‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना के तहत महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इससे महिलाओं को नियमित आमदनी का माध्यम मिलेगा और स्थानीय स्तर पर आवागमन की सुविधा भी बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा प्राप्त करने वाली बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपने परिश्रम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और शासन की योजनाओं के साथ अपनी मेहनत के बल पर परिवार की आर्थिक शक्ति बनने के साथ प्रदेश के विकास में भी योगदान दे रही हैं।
बगिया में करीब 3 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बगिया क्षेत्र को कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बगिया विश्राम गृह का भूमिपूजन किया।
इसके साथ ही बगिया में यादव मोहल्ला तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय विकास को भी गति मिलती है।
राखी के स्नेह के साथ आत्मनिर्भरता का संकल्प
रक्षाबंधन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और बहनों के बीच आत्मीय संवाद हुआ। स्व-सहायता समूह की दीदियों ने राखी बांधकर मुख्यमंत्री के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बहनों को साड़ी और मिठाई भेंट कर उनके सुखद, समृद्ध और आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश की प्रत्येक बहन को आगे बढ़ने का अवसर मिले, वह आर्थिक रूप से सशक्त बने और अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्धि में सहभागी बने।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।



