रायपुर, 5 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को बढ़ावा देना, कलाकारों का सम्मान बढ़ाना और कला दलों के सतत विकास को प्रोत्साहित करना है।
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह सहायता राशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।
योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन 31 अगस्त 2026 तक भेजे जा सकते हैं। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच चयन समिति द्वारा की जाएगी और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
प्रदेश सरकार का मानना है कि यह योजना लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके माध्यम से कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ अपनी कला को व्यापक पहचान दिलाने और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा।



