नई दिल्ली, 25 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का आग्रह किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली और पणजी में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान देश में आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं। इन संस्थानों ने आधुनिक विज्ञान और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है।
श्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध राज्य है। प्रदेश के वन क्षेत्रों में अनेक दुर्लभ जड़ी-बूटियां और औषधीय पौधे उपलब्ध हैं, जबकि जनजातीय अंचलों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत मौजूद है। ऐसे में राज्य में AIIA की स्थापना आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन, अध्यापन और अनुसंधान के अवसर प्राप्त होंगे। इससे राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और शोध गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 में देश में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश में रोजगार, अनुसंधान और ज्ञान आधारित विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


