रायपुर, 3 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्यगीत का गायन भी किया गया।

इस वर्ष राज्योत्सव का आयोजन “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों की झलक देखने को मिली।

राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता और स्वाभिमान का पर्व : मंत्री राजवाड़े

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। प्रदेश अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का गौरव मिला। उन्होंने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले पुरखों को नमन करते हुए कहा कि गठन के समय प्रदेश के सामने अनेक चुनौतियां थीं, लेकिन आज छत्तीसगढ़ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास पर जोर

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं से छत्तीसगढ़ की अलग पहचान है। प्रदेश विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के अनुरूप जनकल्याण और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ आदिवासी एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरणों के माध्यम से जनजातीय और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री ने सूरजपुर जिले में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति देने की बात कही। उन्होंने सभी से सामूहिक सहभागिता के साथ जिले को समृद्ध और विकसित बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विकसित सूरजपुर के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी : विधायक मरावी

प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव की “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

वहीं, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने राज्य और जिले के गठन के बाद हुए विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी साझा की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और प्रतियोगिता विजेता सम्मानित

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती रानी गुप्ता को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रीमती कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

विभागीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। अतिथियों ने विजेता विभागों को सम्मानित किया।

इसके अलावा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कुर्सी दौड़ और रस्साकशी सहित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

राज्योत्सव में आयोजित पाक कला प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की महक छाई रही। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और अन्य जनप्रतिनिधियों ने व्यंजनों का स्वाद चखा तथा प्रतिभागियों के पाक कौशल की सराहना की।

मंत्री ने समारोह स्थल पर लगाई गई विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी ली।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कर्मा नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास, संस्कृति और एकता का संदेश दिया गया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों और छत्तीसगढ़ी परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा लाल राजवाड़े, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन की ओर से मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts