रायपुर,30 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कूंरा का नाम बदलकर कुंवरगढ़ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

36 गढ़ों में शामिल रहा है कुंवरगढ़

छत्तीसगढ़ की प्राचीन ऐतिहासिक व्यवस्था में शामिल 36 गढ़ों में कुंवरगढ़ का भी विशिष्ट स्थान रहा है। समय के साथ इसका नाम कूंरा प्रचलित हो गया, जिसके कारण क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान धीरे-धीरे पीछे छूटती चली गई। अब नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र को उसकी प्राचीन पहचान वापस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पूरा हुआ वादा

नगर का पुराना नाम बहाल करने के लिए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने पहल की थी। पिछले वर्ष आयोजित कुंवरगढ़ महोत्सव के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने नगर का पुराना नाम वापस करने का आग्रह किया था।

अब मंत्रिमंडल से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक विरासत के पुनरुद्धार का महत्वपूर्ण प्रयास है।

फैसले के बाद क्षेत्र में जश्न का माहौल

कैबिनेट के फैसले की जानकारी मिलते ही कुंवरगढ़ सहित धरसींवा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी कर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपनी खुशी जाहिर की।

क्षेत्रवासियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक पहचान लौटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों का मानना है कि पुराने नाम की बहाली से क्षेत्र को पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान मिल सकती है।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा बढ़ावा

कूंरा का नाम बदलकर कुंवरगढ़ किए जाने का निर्णय क्षेत्र की पुरानी ऐतिहासिक पहचान को फिर से स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी छत्तीसगढ़ के 36 गढ़ों के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts