रायपुर, 19 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर जियोहॉटस्टार बना है। इसके माध्यम से लीग के सभी 18 रोमांचक मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस लीग के मैच प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में देखे जा सकेंगे।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का हुनर देखेगी दुनिया
जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा मिलने से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। रायपुर के मैदान पर खेलने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को अब देशभर के साथ दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बैठे दर्शक भी देख सकेंगे। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिलेगा और राज्य में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है। प्रतियोगिता में राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। लीग प्रारूप में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी होंगे आकर्षण
लीग में भारतीय हॉकी के कई अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ी मुख्य आकर्षण के रूप में शामिल होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी टीमों का नेतृत्व करेंगे। इन दिग्गजों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ने के साथ ही उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर भी मिलेगा।
महिला हॉकी को बढ़ावा देने की पहल
पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ-साथ महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष पहल की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा टूर्नामेंट के पहले दिन महिला हॉकी का प्रदर्शनी मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और राज्य में महिला हॉकी के विकास को बढ़ावा देना है।
राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक शानदार अध्याय की शुरुआत है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि लीग के सभी मुकाबलों की जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग होने से प्रतियोगिता को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान से प्रदेश के खिलाड़ियों का हुनर पूरी दुनिया तक पहुंचेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए व्यापक मंच मिलेगा।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ से गूंजेगा हॉकी का संदेश
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर तैयार करना और राज्य में राष्ट्रीय खेल हॉकी के निरंतर विकास को गति देना है। ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ती आकांक्षाओं को सामने लाएगी।
लीग के सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध होगी। इस पहल से करोड़ों दर्शकों तक पहुंचने की उम्मीद है। डिजिटल मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने और प्रदेश को भारतीय हॉकी के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में यह लीग अहम भूमिका निभा सकती है।



