दंतेवाड़ा,12 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दंतेवाड़ा और तखतपुर में हुए इन हादसों में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दंतेवाड़ा में पर्यटकों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जबकि तखतपुर में कार और बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दंतेवाड़ा में अनियंत्रित होकर पलटी टूरिस्ट बस

पहला हादसा दंतेवाड़ा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कटेकल्याण रोड स्थित जारम घाट के पास हुआ। यहां एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी पर्यटक बालोद जिले के निवासी हैं।

तखतपुर में कार और बस की आमने-सामने टक्कर

दूसरी घटना कोटा-लोरमी मुख्य मार्ग पर लोकबंद के पास हुई, जहां कार और बस के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में कार सवारों और बस में बैठे यात्रियों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

थाना प्रभारी ने की घटना की पुष्टि

कोटा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और घटना की पुष्टि की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की गति धीमी होने के कारण उसमें सवार दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं। वहीं, कार सवार भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

फिलहाल कोटा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। दोनों हादसों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts