रायपुर,12 अक्टूबर 2026

देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ अपने 31वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस अवसर पर राजधानी रायपुर में 13 अक्टूबर को कार्टून फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम एक निजी होटल में होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा के अनुसार, मुख्यमंत्री सांकेतिक कार्टून बनाकर फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे।

फेस्टिवल में कई राजनीतिक हस्तियां और वरिष्ठ पत्रकार शामिल होंगे। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथि वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कार्टून वॉच की यात्रा से जुड़े पुराने कार्टूनिस्ट और पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे।

जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

इस वर्ष कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को प्रदान किया जाएगा। इससे पहले यह सम्मान बालासाहेब ठाकरे, आर.के. लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक और अजीत नैनन जैसी कार्टून कला की दिग्गज हस्तियों को दिया जा चुका है।

फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से कार्टूनिस्ट शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, रायपुर में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह देश का प्रमुख कार्टून आयोजन है। इसके आयोजन में राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का सहयोग रहता है।

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पर कैरिकेचर बुक का विमोचन

त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि कार्टून वॉच अब तक मुख्य रूप से कार्टून प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है। इस बार पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अखिल भारतीय कैरिकेचर प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में देशभर के कार्टूनिस्टों ने प्रधानमंत्री के कैरिकेचर बनाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। फेस्टिवल के दौरान इन कैरिकेचर पर आधारित विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा।

कार्टून कला और पत्रकारिता पर होगी चर्चा

फेस्टिवल में कार्टून कला, पत्रकारिता और कार्टून वॉच की यात्रा से जुड़े अनुभव साझा किए जाएंगे। आयोजन के जरिए विभिन्न राज्यों के कार्टूनिस्टों और पत्रकारों को एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा।

यह वार्षिक आयोजन कार्टून कला को प्रोत्साहित करने और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन को सामने लाने की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts