रायपुर, 11 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और महिला सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत आधार है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना है।

मुख्यमंत्री आज रायपुर में हिंदी खबर द्वारा आयोजित शाइनिंग छत्तीसगढ़ ‘शक्ति स्वरूपा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया और उनसे संवाद भी किया।

शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। नवरात्रि मातृशक्ति की आराधना का महापर्व है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मां के संघर्ष और संस्कारों से मिली सेवा की प्रेरणा

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका जन्म एक साधारण किसान परिवार में हुआ। बचपन में पिता के निधन के बाद उन्होंने अपनी माता को कठिन परिस्थितियों में परिवार संभालते और खेती-बाड़ी करते देखा। उनकी माता ने संघर्षों के बावजूद बच्चों की शिक्षा और संस्कारों में कोई कमी नहीं आने दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के संघर्ष, सेवाभाव, सनातन मूल्यों और परिवार के प्रति समर्पण ने उनके व्यक्तित्व को गहराई से प्रभावित किया। जनसेवा और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता की प्रेरणा उन्हें अपनी माता से मिली।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं-बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 32 किस्तों में 20,700 करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में सीधे अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और परिवार की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी मजबूत हुई है।

14 लाख ग्रामीण महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं को स्थायी आजीविका और उद्यमिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। लखपति दीदी पहल के तहत छत्तीसगढ़ ने निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़कर उपलब्धि हासिल की है।

प्रदेश में 7.82 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 14 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं 32.39 लाख ग्रामीण परिवार 2.98 लाख स्व-सहायता समूहों से जुड़े हैं। महिलाओं को कृषि आधारित व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, लघु वनोपज, डेयरी, मशरूम, मिलेट प्रसंस्करण, सिलाई और रेडीमेड वस्त्र निर्माण जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।

सरकार महिलाओं के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

481 महतारी सदन बनेंगे महिला समूहों के केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए प्रदेश में 481 महतारी सदनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। ये केंद्र ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से प्रदेश की 39.73 लाख महिलाओं को LPG कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं रानी दुर्गावती योजना के लिए 15 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है, जिसके तहत पात्र बालिकाओं के 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर 1.50 लाख रुपए की सहायता का प्रावधान है।

बस्तर में 421 बंद स्कूल फिर शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के सपनों की राह में दूरी, गरीबी या असुरक्षा बाधा नहीं बननी चाहिए। बस्तर में नक्सल हिंसा के कारण लंबे समय से बंद रहे 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्षों बाद इन स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल और पढ़ाई की आवाज लौटना बदलते बस्तर की सुखद तस्वीर है। ओरछा और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, ताकि आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों और बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े।

महिला स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ महिला से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ छत्तीसगढ़ का निर्माण होता है। गर्भवती महिलाओं, माताओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में करीब 2.49 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। वहीं 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 6.21 लाख वय-वंदना कार्ड जारी किए गए हैं।

IT, AI और आधुनिक उद्योगों में महिलाओं के लिए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ भविष्य की तकनीकों और आधुनिक उद्योगों से जोड़ना जरूरी है। नई औद्योगिक नीति में महिलाओं के रोजगार और स्वरोजगार को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

IT, Artificial Intelligence, शिक्षा, चिकित्सा, खाद्य प्रसंस्करण और टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता नहीं, बल्कि निर्णय लेने और नेतृत्व करने में समान भागीदारी भी है।

खेलों में बेटियां बढ़ा रहीं छत्तीसगढ़ का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नति के साथ 30 लाख रुपए की सम्मान राशि दी गई है।

कोरबा की संजू देवी रावत को भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपलब्धियों के लिए 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ की किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के माध्यम से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की बेटियों को प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर मिल रहे हैं। वर्ष 2026-27 के बजट में खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

मातृशक्ति की भागीदारी से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं और बेटियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, उभरते उद्योग, कृषि आधारित व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, वनोपज, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें आत्मनिर्भर, बेटियां शिक्षित और सक्षम होंगी तथा प्रदेश के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएंगी, तभी ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का संकल्प पूर्ण होगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, हिंदी खबर की ब्यूरो हेड निशा द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts