रायपुर, 11 अक्टूबर 2026

सक्ती जिले के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के परिवार के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल नई उम्मीद लेकर आई है। दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे रिमोन के महंगे उपचार के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत तत्काल 12 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को अपनी गोद में उठाकर दुलारा और उसके स्वास्थ्य एवं उपचार की स्थिति के संबंध में परिजनों से विस्तार से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज में आने वाले खर्च की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल 12 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रिमोन के माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिमोन के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और उसके इलाज के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है 10 वर्षीय रिमोन

सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है, जिस पर करीब 12 लाख रुपए का खर्च संभावित है।

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन किसान हैं और खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के बीच बेटे की गंभीर बीमारी और महंगे उपचार की जरूरत ने परिवार की चिंता बढ़ा दी थी। इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था करना परिवार के लिए मुश्किल था।

ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से स्वीकृत 12 लाख रुपए की सहायता ने परिवार की सबसे बड़ी आर्थिक चिंता दूर कर दी है। अब रिमोन के आवश्यक उपचार का रास्ता आसान हो गया है।

किसान पिता ने सरकार के सहयोग के लिए जताया आभार

रिमोन के पिता श्री अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत कर परिवार को बड़ा सहारा दिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके बेटे के इलाज की चिंता को अपनी चिंता समझा। सरकार के सहयोग से अब उन्हें विश्वास है कि रिमोन को आवश्यक उपचार मिल सकेगा।

नन्हे रिमोन ने गीत सुनाकर मुख्यमंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भावुक और आत्मीय क्षण भी देखने को मिला। सहायता मिलने से खुश नन्हे रिमोन ने मुख्यमंत्री श्री साय को गीत गाकर सुनाया। मुख्यमंत्री ने बड़े स्नेह से उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने रिमोन को खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रिमोन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि बच्चे की मुस्कान और उसका स्वस्थ भविष्य ही परिवार के साथ सरकार के लिए भी सबसे बड़ी खुशी है।

जरूरतमंद परिवारों का संबल बनी मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ऐसे परिवारों के लिए महत्वपूर्ण संबल बन रही है, जिनके लिए गंभीर बीमारी का उपचार कराना आर्थिक रूप से कठिन होता है।

योजना के माध्यम से पात्र जरूरतमंद मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी जरूरतमंद के उपचार में बाधा न बने।

रिमोन के उपचार के लिए तत्काल 12 लाख रुपए की स्वीकृति मुख्यमंत्री श्री साय की इसी संवेदनशील सोच का उदाहरण है। इससे एक किसान परिवार को बड़ी आर्थिक चिंता से राहत मिली है और 10 वर्षीय रिमोन के स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की उम्मीद मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts