रायपुर, 24 अगस्त 2026

पुरानी तस्वीरों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ताजा कीं यादें

तस्वीरें केवल बीते पलों को सहेजकर नहीं रखतीं, बल्कि वे समय, स्मृतियों और इतिहास को वर्तमान से जोड़ने का माध्यम भी बनती हैं। राजधानी रायपुर में ऐसा ही नजारा उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक, सार्वजनिक और ग्रामीण जीवन से जुड़ी वर्षों पुरानी तस्वीरों को देखा।

मुख्यमंत्री रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों द्वारा खींची गई तस्वीरों की सराहना की।

पहली बार विधायक बनने की तस्वीर ने दिलाई खास याद

प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई पुरानी तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। इन तस्वीरों को देखकर उनके साथ जुड़ी अनेक पुरानी स्मृतियां ताजा हो गईं।

अपनी पहली बार विधायक बनने के समय की एक तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने एक रोचक संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। मुख्यमंत्री के इस संस्मरण से कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच सहज और आत्मीय माहौल बन गया।

हल चलाते तस्वीर देखकर याद आए गांव और खेती के दिन

प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरों को भी स्थान दिया गया था। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने गांव, खेत-खलिहान और खेती से जुड़े पुराने दिनों को याद किया।

उन्होंने कहा कि गांव और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी और जड़ों से जुड़े जीवन की याद दिलाती हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारों के साथ ग्रामीण जीवन और खेती के अपने अनुभव भी साझा किए।

मुख्यमंत्री ने खुद संभाला कैमरा, फोटो जर्नलिस्ट की खींची तस्वीर

प्रदर्शनी के दौरान एक दिलचस्प और खास पल तब आया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद कैमरा थाम लिया। उन्होंने एक फोटो पत्रकार की भूमिका निभाते हुए एक फोटो जर्नलिस्ट को अपने कैमरे में कैद किया।

आमतौर पर मुख्यमंत्री की गतिविधियों और भाव-भंगिमाओं को कैमरे में दर्ज करने वाले फोटो पत्रकार के सामने इस बार स्वयं मुख्यमंत्री कैमरे के पीछे थे। यह सहज और आत्मीय क्षण ‘दृश्य संवाद 2026’ के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।

एक तस्वीर बिना शब्दों के कह देती है पूरी कहानी

मुख्यमंत्री श्री साय ने फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं।

उन्होंने कहा कि कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है। फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल पर पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में दर्ज करते हैं। उनका योगदान पत्रकारिता का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पक्ष है।

फोटो पत्रकारिता को मंच दे रहा ‘दृश्य संवाद 2026’

मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के काम को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सभी फोटो पत्रकारों, प्रतिभागियों और रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

तस्वीरों में दिखे प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार के विविध रंग

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया गया।

प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तथा समाचार एवं जनसरोकार जैसे विभिन्न विषयों पर प्रदर्शित तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के जीवन, समाज और परिवेश के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पांच दिनों तक चली इस प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और आम नागरिकों ने अवलोकन किया।

समापन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट, वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts