रायपुर, 24 अगस्त 2026

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आज होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह

श्रम विभाग के छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आज आयोजित किया जाएगा।

समारोह दोपहर 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर के पास, जी.ई. रोड, रायपुर में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का होगा सम्मान

समारोह में वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने खेलकूद और शैक्षणिक प्रावीण्य के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित कर बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।

18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की राशि होगी डीबीटी से अंतरित

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण श्रमिक हितों से जुड़ा होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस अवसर पर श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों को कुल 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे।

यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे हितग्राही श्रमिकों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इससे श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

डॉ. रमन सिंह करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रमिक परिवार और प्रदेशभर से आए हितग्राही शामिल होंगे।

राज्य सरकार का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण करना है। साथ ही, श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय सम्मान समारोह श्रमिक कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts