नई दिल्ली,8 अगस्त 2026
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत और इजराइल के रिश्तों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और दोनों नेताओं ने भारत-इजराइल संबंधों को और मजबूत करने को लेकर चर्चा की।
फोन पर हुई बातचीत के बाद नेतन्याहू ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए दोनों देशों के बीच संबंधों को लगातार मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। दोनों नेताओं ने भारत और इजराइल के बीच स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के अलग-अलग पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा की।
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच यह साझेदारी लगातार मजबूत और विकसित हो रही है। बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात को लेकर भी दोनों नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
नेतन्याहू ने कहा- Thank you, my friend
पीएम मोदी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने लिखा, “Thank you, my friend, India’s Prime Minister Narendra Modi.” उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर भारत और इजराइल के रिश्तों को और मजबूत करते रहेंगे।
यह पिछले कुछ दिनों में दूसरी बार है जब नेतन्याहू ने पीएम मोदी की सार्वजनिक रूप से तारीफ की है। इससे पहले 4 अगस्त 2026 को भी उन्होंने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने की बात कही थी और पीएम मोदी को अपना करीबी दोस्त बताया था।
पश्चिम एशिया के हालात पर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-इजराइल विशेष रणनीतिक साझेदारी में हो रही प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही दोनों देशों के पारस्परिक हित से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बातचीत में पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस मुद्दे पर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।



