कोरबा, 7 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। कोरबा से पटना जा रही यात्री बस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। रात के समय और तेज बारिश के बीच बस में मौजूद महिला यात्रियों ने हिम्मत और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए सुरक्षित प्रसव कराया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात राजहसन बस अंबिकापुर पार करने के बाद आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद बस में सवार सुनती देवी समेत अन्य महिला यात्रियों ने मिलकर महिला की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।

प्रसव के बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां महिला और नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि प्रसूता कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। नवजात के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने परिवार की स्वेच्छा से आर्थिक सहायता भी की और मानवता की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts