रायपुर,10 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संरक्षण और पेयजल की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी किसी प्रकार की समस्या सामने आए, उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।

भुगतान प्रक्रिया में भी तेजी लाने कहा

मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों के लंबित भुगतानों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

मार्च 2028 तक लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने मार्च 2028 तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचना चाहिए और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण, उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग और भविष्य के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts