सरगुजा, 12 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सीतापुर थाना क्षेत्र के बनेया गांव में लहसुन पटाखा मुंह में फटने से दो वर्षीय मासूम आदित्य मांझी की मौत हो गई। मासूम खेलते समय जमीन पर पटकने से फूटने वाले छोटे पॉप-पॉप पटाखे को मुंह में रखकर चबाने लगा था। इसी दौरान पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया, जिससे उसके मसूड़ों में गंभीर चोट आई और लगातार खून बहने लगा। परिजनों ने बच्चे को बचाने के लिए सीतापुर से लेकर अंबिकापुर तक अस्पतालों में उपचार कराया, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।

खेलते-खेलते मुंह में रख लिया पटाखा

जानकारी के मुताबिक, बनेया गांव निवासी किसान इंद्रजीत मांझी के घर त्योहार के चलते खुशियों का माहौल था। परिवार के सदस्य उत्सव की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य पटाखों के एक पैकेट के साथ खेल रहा था।

खेलते समय मासूम ने जमीन पर पटकने से फूटने वाला छोटा लहसुन पटाखा उठाया और उसे अपने मुंह में रख लिया। खतरे से अनजान बच्चा पटाखे को चबाने लगा। इसी दौरान पटाखा उसके मुंह के अंदर फट गया। धमाके से उसके मसूड़ों में गंभीर चोट आई और मुंह से खून बहने लगा।

पहले सीतापुर अस्पताल में कराया गया उपचार

आदित्य की मां गायत्री ने बताया कि पटाखा मुंह में फटने के बाद बच्चे के मसूड़ों से खून बहने लगा था। मासूम की हालत बिगड़ती देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। कुछ राहत मिलने पर परिवार बच्चे को घर वापस ले आया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके मुंह से दोबारा तेजी से खून बहने लगा।

लगातार रक्तस्राव के कारण बच्चे की हालत फिर गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे दोबारा सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।

अंबिकापुर मिशन अस्पताल में भी नहीं बच सकी जान

इसके बाद परिजन मासूम को अंबिकापुर के मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने बच्चे का उपचार शुरू किया। लगातार रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। बच्चे की जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने खून भी चढ़ाया, लेकिन उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

डॉक्टरों के मुताबिक, पटाखे में मौजूद छोटे पत्थरों के कणों के कारण आदित्य के मसूड़ों में गहरी चोट आई थी, जिससे रक्तस्राव रोकने में परेशानी हो रही थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

दो वर्षीय आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बनेया गांव में भी शोक का माहौल है।

यह दर्दनाक हादसा बच्चों की पहुंच से पटाखों को दूर रखने और त्योहारों के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने लाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts