रायपुर,15 नवंबर 2026

धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क रायपुर

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा का नाम साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और बलिदान के प्रतीक के रूप में सदैव अमर रहेगा। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जनजातीय गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा ने अन्याय और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज में अधिकारों और आत्मसम्मान की चेतना जागृत की। जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी संस्कृति एवं अस्मिता की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है।

धरती आबा के नाम से विख्यात बिरसा मुंडा केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक जागरण के महानायक थे। 19वीं सदी के अंतिम वर्षों में जब ब्रिटिश हुकूमत, जमींदार और बाहरी शोषक आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों और जमीन पर कब्जा कर रहे थे, तब बिरसा मुंडा ने ऐसा आंदोलन खड़ा किया, जिसने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी।

प्रारंभिक जीवन और चेतना का उदय

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातु गांव में हुआ था। भारत सरकार ने उनके जन्मदिवस 15 नवंबर को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

उनका बचपन चाईबासा के जंगलों और खेतों में बीता। शिक्षा के लिए उन्होंने कुछ समय ईसाई मिशनरी स्कूल में प्रवेश लिया, जहां उनका नाम बिरसा डेविड रखा गया। स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उन्हें महसूस हुआ कि ब्रिटिश शासन और मिशनरी व्यवस्था आदिवासी समाज की पारंपरिक संस्कृति, भाषा और अधिकारों को प्रभावित कर रही है। इसके बाद उन्होंने मिशनरी स्कूल छोड़ दिया और अपनी संस्कृति तथा समाज की रक्षा का संकल्प लिया।

बिरसा संप्रदाय और सामाजिक सुधार

क्रांतिकारी आंदोलन शुरू करने से पहले बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को भीतर से मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने महसूस किया कि अंधविश्वास, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियां समाज की एकजुटता को कमजोर कर रही हैं।

उन्होंने लोगों को एक ईश्वर सिंगबोंगा की आराधना करने, शराब से दूर रहने, पशु बलि जैसी प्रथाओं का विरोध करने और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। उनके विचारों से प्रभावित होकर हजारों लोग उनके अनुयायी बन गए। आदिवासी समाज में उनका प्रभाव लगातार बढ़ता गया और लोग उन्हें श्रद्धा से धरती आबा कहकर पुकारने लगे।

उलगुलान: महान विद्रोह की शुरुआत

उलगुलान मुंडारी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ महान उथल-पुथल या विद्रोह होता है। यह आंदोलन ब्रिटिश शासन, जमींदारों, साहूकारों और बाहरी शोषकों की उन नीतियों के खिलाफ था, जिनके कारण आदिवासियों की जमीन और पारंपरिक अधिकार छिन रहे थे।

बिरसा मुंडा ने सिंहभूम और रांची के जंगलों में आदिवासियों को संगठित किया। उन्होंने अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना का नारा दिया। इसका भाव था कि अब अपना शासन स्थापित होगा और महारानी का राज समाप्त होगा।

उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष शुरू किया। पारंपरिक तीर-कमान और अन्य हथियारों से लैस आदिवासी अंग्रेजी चौकियों, थानों और शोषक वर्ग के विरुद्ध गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाने लगे। डोम्बारी बुरु पहाड़ी इस ऐतिहासिक आंदोलन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनी।

1 अक्टूबर 1894 को बिरसा मुंडा ने जन अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने अवैध जमींदारी और शोषण के विरुद्ध लगान माफी आंदोलन का नेतृत्व किया। अंग्रेजी सरकार ने इसे अपने शासन के लिए चुनौती माना और वर्ष 1895 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्हें हजारीबाग केंद्रीय कारागार में दो वर्ष के कारावास की सजा दी गई।

रिहाई के बाद भी बिरसा मुंडा ने संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। उन्होंने छोटानागपुर क्षेत्र में अकाल और महामारी से पीड़ित लोगों की सेवा की। उनकी जनसेवा और संघर्षशील व्यक्तित्व ने उन्हें आदिवासी समाज का लोकप्रिय नेता बना दिया।

उनका आंदोलन अब केवल आर्थिक शोषण के विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आदिवासी स्वाभिमान, संस्कृति और पारंपरिक अधिकारों की रक्षा का महासंग्राम बन गया। उन्होंने ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ अर्थात ‘हमारा देश, हमारा राज’ का उद्घोष किया। इस नारे ने आदिवासी समाज में नई चेतना का संचार किया।

महानायक का बलिदान

वर्ष 1897 से 1900 के बीच बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश सत्ता के विरुद्ध संघर्ष को और तेज किया। उन्होंने गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाकर अंग्रेजी शासन को चुनौती दी। उनके बढ़ते प्रभाव से अंग्रेज अधिकारी और शोषक वर्ग भयभीत हो उठे।

24 दिसंबर 1899 को आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया। ब्रिटिश सत्ता के प्रतीक पुलिस थानों और अन्य ठिकानों पर हमले किए गए। इस दौरान अंग्रेजी सेना ने डोम्बारी बुरु पहाड़ी पर आदिवासियों के खिलाफ बर्बरतापूर्वक गोलीबारी की। आदिवासियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया, लेकिन अंग्रेजों के आधुनिक हथियारों के सामने उनके पारंपरिक हथियार कमजोर पड़ गए।

बिरसा मुंडा की रणनीतियों और बढ़ते जनसमर्थन से परेशान अंग्रेजी सरकार ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया। मार्च 1900 में चक्रधरपुर के जामकोपाई जंगल से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

9 जून 1900 को रांची जेल में मात्र 24 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा का निधन हो गया। ब्रिटिश सरकार ने उनकी मृत्यु का कारण हैजा बताया था, हालांकि उनकी मृत्यु को लेकर संदेह और विष दिए जाने की आशंकाएं भी व्यक्त की जाती रही हैं।

उनकी शहादत के बाद आदिवासी भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन को कई महत्वपूर्ण कदम उठाने पड़े। इसी ऐतिहासिक संघर्ष की पृष्ठभूमि में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 (Chota Nagpur Tenancy Act) का विशेष महत्व है। इस कानून ने आदिवासी जमीनों को बाहरी लोगों के हाथों में जाने से रोकने के लिए कानूनी सुरक्षा प्रदान की।

आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई

बिरसा मुंडा के विद्रोह के पीछे ब्रिटिश भू-राजस्व नीतियां, पारंपरिक खुटकट्टी व्यवस्था का कमजोर होना, जमींदारी शोषण और दिकुओं अर्थात बाहरी शोषकों का हस्तक्षेप प्रमुख कारण थे।

उनका संघर्ष केवल जमीन बचाने की लड़ाई नहीं था, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, सामाजिक पहचान और स्वशासन के अधिकारों को सुरक्षित रखने का आंदोलन था।

उनका संदेश था कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और अन्याय के विरुद्ध संगठित होकर खड़ा होना चाहिए। उनके विचारों ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया।

जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है जयंती

आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। इसका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना है।

हर वर्ष 15 नवंबर को देशभर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया जाता है।

प्रेरणा का अमर स्रोत हैं धरती आबा

धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन हमें सिखाता है कि जब बात अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की हो, तो संसाधनों की कमी भी मजबूत इरादों और साहस को नहीं डिगा सकती।

भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और सांस्कृतिक संरक्षण के अमर प्रतीक हैं। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके आंदोलन ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय गौरव की अमिट ज्योति प्रज्वलित की।

उनका साहस, समाज के प्रति समर्पण और मातृभूमि के लिए दिया गया बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय चेतना के अग्रदूत भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर शत-शत नमन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts