सूरजपुर,25 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे सड़क किनारे फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान हरिनंदन राजवाड़े के रूप में हुई है, जो गोंदा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अज्ञात आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे केवरा गांव में सड़क किनारे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल प्रतापपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



