सूरजपुर,27 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेहरू पार्क में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रितेश राजवाड़े और राधिका राजवाड़े के बीच प्रेम संबंध था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि युवती किसी दूसरे युवक से भी बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने चाकू से युवती के गले पर कई वार कर दिए।
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल युवती जान बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
वारदात के कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने प्रेम संबंध और दूसरे युवक से बातचीत को लेकर नाराजगी के कारण हमला करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



