सुकमा,4 नवंबर 2026
नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के ग्रामीणों के लिए गुजरात की यात्रा जीवनभर याद रहने वाला अनुभव बन गई। जिले के अलग-अलग गांवों से पहुंचे 50 ग्रामीण पहली बार ट्रेन में सफर कर गुजरात के एकता नगर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और भव्य परेड को करीब से देखा। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस के DRG और STF जवानों की कदमताल देखकर ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। ग्रामीणों ने विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी भ्रमण किया।
यह यात्रा केवल एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश तक पहुंचने का सफर नहीं थी, बल्कि सुकमा के ग्रामीणों के लिए देश की विविधता, एकता और राष्ट्रीय गौरव को करीब से समझने का अवसर बनी। दल में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी, जिन्होंने अपने जीवन में पहली बार ट्रेन की यात्रा की। गांवों से निकलकर लंबी रेल यात्रा करना, नए प्रदेश को देखना और राष्ट्रीय स्तर के भव्य आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
राष्ट्रीय मंच पर DRG और STF जवानों की कदमताल देख हुए गौरवान्वित
एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ पुलिस के डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवानों को परेड में हिस्सा लेते देखा। ये वही जवान हैं, जो बस्तर के चुनौतीपूर्ण इलाकों में सुरक्षा और शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं।
अपने प्रदेश के जवानों को राष्ट्रीय मंच पर अनुशासित कदमताल करते देख ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। उन्होंने तालियों की गूंज के साथ जवानों का मनोबल बढ़ाया। ग्रामीणों के लिए यह अपने क्षेत्र के सुरक्षा बलों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का गौरवपूर्ण अवसर था।
सुकमा पुलिस की पहल से ग्रामीणों को मिला देश देखने का अवसर
इस विशेष यात्रा का आयोजन पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर (भापुसे) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में किया गया। उप पुलिस अधीक्षक श्री सपन चौधरी के नेतृत्व में 50 सदस्यीय दल गुजरात पहुंचा।
यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने के साथ ही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण किया। इसके अलावा उन्हें गुजरात की संस्कृति, रहन-सहन और परिवेश को करीब से जानने का अवसर भी मिला।
सुकमा लौटने पर एसपी ने पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत
गुजरात प्रवास से लौटने के बाद सभी 50 ग्रामीणों का पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने अपने कार्यालय में आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने प्रत्येक सदस्य को पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया और यात्रा के अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार ट्रेन में बैठने से लेकर प्रधानमंत्री की मौजूदगी में आयोजित राष्ट्रीय समारोह देखने तक का अनुभव उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृति बन गया है। उन्होंने इस विशेष अवसर के लिए सुकमा पुलिस और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया।
यह यात्रा सुकमा के ग्रामीणों के लिए केवल गुजरात भ्रमण नहीं, बल्कि गांवों की सीमाओं से बाहर निकलकर देश की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव को करीब से अनुभव करने का अवसर बनी। यह पहल बदलते सुकमा की उस तस्वीर को भी सामने लाती है, जहां ग्रामीणों को नए अनुभवों और राष्ट्रीय गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।



