जशपुर,4 नवंबर 2026

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 नवंबर को जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में शुरुआती तौर पर 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके माध्यम से जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी न केवल हमारा जीवन सुरक्षित रख सकती है, बल्कि परिवार को भी अपूरणीय क्षति से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक आदत बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस का हेलमेट बैंक एक सराहनीय और जनहितकारी नवाचार है। इससे जरूरतमंद नागरिकों को व्यावहारिक सहायता मिलने के साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल जिले में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जरूरतमंद नागरिकों को अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी आवश्यक कार्य से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट उपलब्ध नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की आर्थिक सुविधा नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा।

नागरिक अपना आवश्यक कार्य पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराया गया हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे से सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई

जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है।

जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनाने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, श्री सुनील गुप्ता, श्री भरत सिंह, श्री अमर सुल्तानिया, श्री कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts