रायगढ़,30 जुलाई 2026
जिले के पुसौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव-2026 में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत करते हुए उन्हें पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और शैक्षणिक सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा जीवन और समाज दोनों को बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य तय करने, अनुशासित जीवन अपनाने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई करना पर्याप्त नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों तक विद्यार्थियों की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईएएस सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली भेजा जा रहा है, जहां उनके अध्ययन और आवास का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है।
वित्त मंत्री ने शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शिक्षकों का आह्वान किया कि वे ऐसे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय विकसित करें, जहां अभिभावक स्वयं अपने बच्चों का प्रवेश दिलाना चाहें। उन्होंने बताया कि पुसौर में नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर का निर्माण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य केवल प्रवेश दिलाना नहीं, बल्कि विद्यालय को बच्चों के लिए आनंददायक और प्रेरणादायी बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के लिए घर में अलग स्थान निर्धारित करने और प्रतिदिन उनसे पढ़ाई पर चर्चा करने की अपील की।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। पूर्ण दृष्टिबाधित छात्रा कामिनी यादव, जिन्होंने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों, छात्राओं को साइकिल, तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।



