रायगढ़,22 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में विकास कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल 126.92 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इस दौरान शहर के विकास के लिए चार नए बड़े कार्यों की घोषणा भी की गई।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपी गईं।
रायगढ़ को विकसित जिला बनाने तेज गति से काम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले को विकसित जिला बनाने के लिए तेज गति से कार्य किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है, जिनके लिए जल्द स्वीकृति प्राप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी।
शहर के लिए 4 बड़े कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की। इनमें—
- संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपये
- रामलीला मैदान के विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये
- तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपये
- केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपये
शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत हो रहा रायगढ़ का इंफ्रास्ट्रक्चर
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने दिल्ली से वर्चुअली संबोधित करते हुए बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति मिली है। वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपये की स्वीकृति का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है।
वित्त मंत्री ने तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नगर निगम के पार्षद उपस्थित रहे।



