अंबिकापुर,9 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में कबरा नाम से चर्चित लोनर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में पिछले कई महीनों से अकेले विचरण कर रहे इस हाथी ने दीपावली की रात दो और लोगों की जान ले ली। हाथी के हमले में दो लोगों की मौत के बाद इलाके में शोक के साथ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। अब तक यह हाथी 16 लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार चुका है।
सूरजपुर के नए इलाकों में पहली बार पहुंचा हाथी
जानकारी के मुताबिक, हाथी ने सूरजपुर जिले के सोनगरा और बतरा क्षेत्र में जनहानि की है। अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा के पास श्यामनगर में एक व्यक्ति को कुचलने के बाद हाथी लटोरी-बतरा क्षेत्र की ओर बढ़ गया। इसके बाद बतरा से लगे राई के पास एक अन्य व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब हाथी सूरजपुर जिले के लटोरी और बतरा इलाके में पहुंचा है।
अब तक 16 लोगों की ले चुका है जान
दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान इस हाथी ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्थानीय स्तर पर कबरा के नाम से पहचाना जाने वाला यह हाथी अब तक 16 लोगों की जान ले चुका है। पिछले सप्ताह ही इसने सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था।
तेज मूवमेंट से वन विभाग भी परेशान
अकेले विचरण करने के कारण इस हाथी की आवाजाही काफी तेज रहती है। इसकी लोकेशन का सटीक पता लगाना वन विभाग की टीम के लिए चुनौती बना हुआ है। टीम एक स्थान पर निगरानी करती रह जाती है और तब तक हाथी दूसरे इलाके में पहुंचकर जनहानि कर देता है। नए क्षेत्र में हाथी के पहुंचने से वन विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश
हाथी के हमले में दो लोगों की मौत के बाद प्रभावित गांवों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि दीपावली के दिन हाथी की निगरानी ठीक से नहीं की गई और उसकी आवाजाही की जानकारी लोगों तक नहीं पहुंचाई गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की पल-पल की लोकेशन की जानकारी मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी जाए, ताकि लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें। साथ ही हाथी को जल्द नियंत्रित करने की भी मांग की गई है।
ट्रेंकुलाइज करने का प्रस्ताव अब तक अटका
सूरजपुर के वन मंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने हाथी के हमले में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही हाथी को ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रित किया जाएगा। हालांकि, इस संबंध में शासन को भेजे गए प्रस्ताव को अब तक मंजूरी नहीं मिली है।
रेडियो कॉलर लगाने की योजना भी अधर में
हाथी के लगातार आक्रामक व्यवहार को देखते हुए उस पर रेडियो कॉलर लगाने और उसकी आक्रामकता कम करने के लिए वैज्ञानिक उपाय किए जाने की योजना है। लेकिन शासन स्तर से अनुमति नहीं मिलने के कारण वन विभाग अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को हाथी के प्रबंधन के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। पूरा मामला प्रस्ताव और सरकारी प्रक्रिया में उलझा हुआ है, जबकि दूसरी ओर कबरा हाथी लगातार लोगों की जान ले रहा है।



