रायपुर , 11 जून 2026
राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम की जोन-8 टीम ने रायपुरा स्थित डुप्सा तालाब के पास करीब 1100 वर्गफीट में चल रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। वहीं वृंदावन कॉलोनी में बिना अनुमति बनाए जा रहे दो मकानों पर भी बुलडोजर चलाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई संत रविदास वार्ड क्रमांक-70 के अंतर्गत की गई, जहां शिकायत और जांच के बाद अवैध निर्माण की पुष्टि हुई थी।
कार्रवाई के दौरान केवल तोड़फोड़ ही नहीं, बल्कि नियमों की अनदेखी पर जुर्माना भी वसूला गया। निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने और सड़क पर निर्माण मलबा (C&D वेस्ट) फैलाने के मामलों में ई-चालान जारी कर कुल 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वृंदावन कॉलोनी में जिन दो मकानों को गिराया गया, वे दोनों करीब 1000-1000 वर्गफीट क्षेत्र में बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे थे। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमति निर्माण, सड़क पर मलबा फैलाने और निर्माण नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।


