रायपुर,11 सितम्बर 2026
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रायपुर से नागपुर जा रही एक SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक SUV में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई।
ट्रक में फंसी SUV, JCB से निकाले गए लोग
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
ट्रक में फंसी SUV को बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद लेनी पड़ी। राहत और बचाव के दौरान हादसे की भयावहता सामने आई।
3 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस दर्दनाक हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए तीन लोगों को उपचार के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।



