रायपुर,11 सितम्बर 2026
कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीखा विरोध जताया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। शिवराज ने कर्नाटक सरकार के फैसले को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे भारत माता का अपमान करार दिया।
वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर हमला
रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम पर कानून बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का निर्णय लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह फैसला भारत माता का अपमान है।
छत्तीसगढ़ में विकास को लेकर कही ये बात
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित PM आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास की बयार बह रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया है। छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के तहत खेत से सड़क योजना को भी शामिल किया गया है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए सड़कों को स्वीकृति दी गई है।
PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर बोले शिवराज
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
BRICS को लेकर कांग्रेस पर निशाना
BRICS समिट को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवराज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व एक धरती पर इकट्ठा हो रहा है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाती है और देश की प्रगति एवं विकास से प्रसन्न नहीं हो सकती।



