रायपुर,3 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने जीजा रियाज खान पर अश्लील गाली-गलौज करने और चाकू मारकर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता राजा तालाब स्थित ईमाम बाड़ा के पास किराये के मकान में रहती है और एक बर्तन दुकान में काम करती है। उसकी बहन तनूजा का अपने पति रियाज खान से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले कुछ समय से अपनी बहन के साथ रह रही थी।
बताया गया कि 2 अगस्त 2026 की दोपहर जब पीड़िता काम से घर लौटी तो उसने देखा कि रियाज खान अपनी पत्नी तनूजा से विवाद कर रहा था। आरोप है कि विवाद चार माह के गर्भ को गिराने की बात को लेकर हो रहा था।
पीड़िता ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी कथित रूप से भड़क गया और उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के बाएं पेट के पास चोट आई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे।
घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



