रायपुर,27 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड-19 (डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड) के विकास नगर और गुड़ियारी क्षेत्र में अनुमति के विपरीत बनाए जा रहे चार निर्माणाधीन भवनों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में चले इस अभियान में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने पहले निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और बाद में जेसीबी से अवैध निर्माणों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान राकेश साहू द्वारा लगभग 1500 वर्गफीट, गोमती वर्मा, विवेक सिंह तथा पूजा सरावगी द्वारा लगभग 1200-1200 वर्गफीट क्षेत्र में किए जा रहे निर्माणों को ध्वस्त किया गया। निगम के अनुसार ये सभी निर्माण स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए जा रहे थे।

नगर निगम ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं को नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अंतिम चेतावनी भी दी गई, लेकिन तय समय सीमा के भीतर न तो संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद निगम ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने कहा कि शहर में बिना अनुमति या भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन से किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts