रायपुर,18 अगस्त 2026

खेलते-खेलते नाले में गिरा मासूम

रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गली में बच्चों के साथ खेल रहा 4 साल का काव्यांश साहू अचानक बहते पानी के साथ नाले में जा गिरा। पानी के तेज बहाव में बहते हुए बच्चा करीब 500 मीटर दूर चला गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे को नाले से बाहर निकाला और गंभीर हालत में मेडिशाइन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बारिश के कारण गली में भरा था पानी

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को काव्यांश करीब 4-5 बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। खेलते समय अचानक वह नाली में गिर गया और पानी के बहाव के साथ बहता चला गया।

बताया जा रहा है कि करीब तीन फीट गहरे नाले से बच्चे को बाहर निकाला गया। घटना के वक्त उसकी बड़ी बहन भी आसपास मौजूद थी।

मां को बुलाने चली गई बड़ी बहन

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद बड़ी बहन पास के किराना दुकानदार से मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पिता काम के सिलसिले में लखनऊ गए थे

काव्यांश के पिता खिलेश साहू मिस्त्री का काम करते हैं और काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। परिवार के मुताबिक, इसी महीने काव्यांश का जन्मदिन भी था। रायपुर में वह अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था।

खुले नालों को लेकर निगम पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। बारिश के मौसम में खुले नाले और गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगह नालियां कचरे से भरी हुई हैं और खुले नालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि बारिश के दौरान ऐसे स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts