रायपुर, 15 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छात्र कृष्ण अग्रवाल ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘Flip Electric Iron For Child Safety’ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।

बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाया अनूठा इलेक्ट्रिक प्रेस मॉडल

कृष्ण अग्रवाल ने घरों में इस्तेमाल होने वाली गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से छोटे बच्चों को जलने की दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से ‘Flip Electric Iron For Child Safety’ मॉडल विकसित किया है। इस मॉडल में ऑटो-फ्लिप तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे प्रेस को छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है।

इसके अलावा मॉडल में 30 सेकंड बाद स्वचालित रूप से बंद होने की सुविधा और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं भी शामिल की गई हैं। कम लागत में तैयार किया गया यह नवाचार घरेलू सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी साबित हो सकता है।

80 हजार नवाचार विचारों में शीर्ष 62 में बनाई जगह

कृष्ण अग्रवाल के प्रोजेक्ट ने चयन प्रक्रिया में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। छत्तीसगढ़ से प्रस्तुत करीब 80 हजार नवाचार विचारों में से उनके मॉडल को शीर्ष 62 नवाचारों में जगह मिली। उनके प्रोजेक्ट को इंस्पायर मानक-2026 के संकलन में भी शामिल किया गया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत से जुड़ी इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचारों को प्रोत्साहित करना है।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दी बधाई

छात्र कृष्ण अग्रवाल की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की अपार संभावनाएं हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कृष्ण ने अपने उपयोगी नवाचार के माध्यम से साबित किया है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कृष्ण के अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को भी बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कृष्ण अग्रवाल की सफलता प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts