रायगढ़, 19 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक परियोजना में नागरिकों की सुविधाओं तथा भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्थल निरीक्षण और कार्यों की समीक्षा पर जोर देते हुए कहा कि इससे निर्माण की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और जरूरी सुधार करने में मदद मिलती है।

कैनाल लिंक रोड से शहर की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू और ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित सीमांकन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने तथा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बोइरदादर स्टेडियम में बनेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

वित्त मंत्री ने बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबे को हटाकर परिसर को व्यवस्थित रखने को कहा।

श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और सुझावों पर ध्यान देने के साथ स्टेडियम परिसर में ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण

शहर के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी बनाने के उद्देश्य से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी वित्त मंत्री ने निरीक्षण किया।

फटहामुड़ा तालाब परिसर में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इन सुविधाओं के तैयार होने से नागरिकों को सुबह-शाम भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा।

वहीं, मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने इन कार्यों को समग्र योजना के तहत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण के दौरान सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मिट्ठूमुड़ा में नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।

ऑक्सीजोन से मिलेगा हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, पाथवे, योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाली सुविधाओं का विकास जरूरी है। ऑक्सीजोन जैसे स्थल नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।

शिक्षा, खेल, पर्यावरण और अधोसंरचना के क्षेत्र में रायगढ़ के विकास पर जोर

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हैं, ताकि निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं और जरूरी सुधारों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रयास है कि आने वाले समय में रायगढ़ शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाए।

वित्त मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रायगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts