पेरिस,7 सितम्बर 2026
फ्रांस की राजधानी पेरिस में भव्य हिंदू मंदिर का निर्माण हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से BAPS स्वामीनारायण मंदिर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह मंदिर आने वाली सदियों तक भारत और फ्रांस के बीच सहयोग और अवसरों के प्रतीक के रूप में खड़ा रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेरिस में बना यह भव्य मंदिर भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध पुराने सांस्कृतिक और राजनीतिक रिश्तों की मजबूत नींव पर आधारित हैं।
भारत-फ्रांस संबंधों में नई ऊर्जा
पीएम मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और फ्रांस के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ दोनों देश अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारत और फ्रांस प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु कार्रवाई जैसे क्षेत्रों में नई गति और ऊर्जा के साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के रूप में भी मनाया जा रहा है।
फ्रांस में भारतीय सैनिकों के बलिदान को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल वर्तमान की साझेदारी तक सीमित नहीं हैं। इतिहास इस बात का गवाह है कि फ्रांस में भारतीय सैनिकों के बलिदान की याद आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
संस्कृत और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि संस्कृत को लोकप्रिय बनाने में फ्रांसीसी विद्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने रोमां रोलां के रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद पर लिखे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने दोनों समाजों को करीब लाने में योगदान दिया।
प्रधानमंत्री ने श्री अरविंद आश्रम और ‘द मदर’ की आध्यात्मिक यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पेरिस से पुडुचेरी तक की इस आध्यात्मिक यात्रा ने भारत और फ्रांस के असंख्य साधकों को प्रेरित किया है।
पीएम मोदी ने श्रील प्रभुपाद स्वामी के फ्रांस आने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से इस्कॉन के जरिए दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक संबंधों का एक नया अध्याय शुरू हुआ।
उन्होंने कहा कि आज योग भी भारत और फ्रांस के लोगों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
भारत की संस्कृति का वैश्विक विस्तार
पेरिस में बना BAPS स्वामीनारायण हिंदू मंदिर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की वैश्विक पहुंच का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह मंदिर भारत-फ्रांस की मैत्री, सांस्कृतिक जुड़ाव और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने में योगदान देगा।



