बीजापुर, 7 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत CRPF की 199वीं वाहिनी के जवानों ने पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में की गई। B/199 और F/199 कंपनी तथा यंग प्लाटून के जवानों ने संयुक्त रूप से जंगलों में अभियान चलाया।

14 नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को जंगल में 14 नक्सली डंप मिले। तलाशी के दौरान 303 बोल्ट एक्शन रायफल, 5 भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल बरामद की गई।

इसके अलावा सुरक्षा बलों ने 10 IED, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक और स्टील कंटेनर समेत IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री भी जब्त की।

अभियान में नक्सली कपड़े और अन्य सामान सहित कुल 99 प्रकार की सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से चलाया गया अभियान

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई

CRPF अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

इससे पहले भी बरामद हुआ था नक्सली डंप

इससे पहले बीजापुर जिले के पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में भी नक्सली डंप बरामद किया गया था। 29 अगस्त को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39) को घेराबंदी कर पकड़ा था।

पूछताछ में उसके प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात सामने आई थी।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50,050 रुपये नकद, एक BGL लांचर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, 303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, INSAS खाली मैगजीन, बिजली के तार और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।

बीजापुर में लगातार जारी सुरक्षा अभियानों से नक्सल नेटवर्क पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts