नई दिल्ली, 28 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की अपील का असर अब उनके कैबिनेट मंत्रियों के बीच भी दिखाई देने लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी कैबिनेट के 97 प्रतिशत मंत्री Instagram पर सक्रिय हो गए हैं और पिछले एक महीने में उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से Instagram पर ज्यादा सक्रिय रहने, Reels बनाने और युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने की अपील की थी। इसके बाद 24 अगस्त तक 29 में से 28 कैबिनेट मंत्रियों की Instagram गतिविधि बढ़ गई।
एक महीने में 1,179 पोस्ट
आंकड़ों के मुताबिक, सभी कैबिनेट मंत्रियों ने पिछले एक महीने में कुल 1,179 पोस्ट किए हैं। यह पहले की तुलना में करीब 48 प्रतिशत अधिक है। प्रधानमंत्री की सलाह के बाद मंत्रियों ने खास तौर पर Reels और वीडियो कंटेंट पर जोर दिया है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नीतियों और महत्वपूर्ण मुद्दों को Reels के जरिए लोगों तक आसान भाषा में पहुंचाने पर जोर दिया है।
अमित शाह के फॉलोअर्स में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
मोदी कैबिनेट में गृह मंत्री अमित शाह के Instagram फॉलोअर्स में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले एक महीने में उनके फॉलोअर्स की संख्या में करीब 8.53 लाख का इजाफा हुआ है। फॉलोअर्स के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जदयू के राजीव रंजन सिंह को छोड़कर लगभग सभी कैबिनेट मंत्रियों की सोशल मीडिया सक्रियता में बढ़ोतरी हुई है।
युवाओं से संवाद के लिए ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ योजना
मोदी सरकार अब Gen-Z और युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठा रही है। इसके तहत ‘वन डे, वन यूनिवर्सिटी’ कार्यक्रम की योजना बनाई जा रही है।
इस कार्यक्रम के तहत हर दिन एक केंद्रीय मंत्री किसी विश्वविद्यालय का दौरा कर छात्रों से बातचीत करेगा। मंत्री युवाओं की चिंताओं और विचारों को समझने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और देश से जुड़े मुद्दों पर भी छात्रों से चर्चा करेंगे।
PM मोदी खुद भी सोशल मीडिया पर रहे सक्रिय
प्रधानमंत्री मोदी खुद भी युवाओं से संवाद के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते रहे हैं। NEET पेपर लीक को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों को संबोधित किया था।
एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने प्रदर्शन के दौरान उन्हें अपशब्द कहने वाले कुछ छात्रों को माफ करने की बात भी कही थी। माना जा रहा है कि सरकार का सोशल मीडिया पर बढ़ता फोकस युवा वर्ग से सीधे जुड़ने और सरकारी नीतियों को डिजिटल माध्यम से समझाने की रणनीति का हिस्सा है।



